उत्तर प्रदेशवाराणसी

वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी, आधी रात जिला जज के ईमेल पर आया संदेश

परिसर कराया गया खाली, बम निरोधक दस्ता और पुलिस की सघन तलाशी जारी

वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार सुबह पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक रात करीब 1:30 बजे जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला जज संजीव शुक्ला ने तत्काल कचहरी परिसर खाली कराने का अनुरोध किया, जिसके बाद वकीलों और कर्मचारियों को बाहर निकालकर पुलिस ने सघन जांच अभियान शुरू कर दिया।

सुबह जैसे ही यह सूचना सार्वजनिक हुई, कचहरी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुराने घटनाक्रमों की यादें ताजा हो गईं और अधिवक्ताओं में चिंता की लहर दौड़ गई। एहतियातन पूरे परिसर को खाली कराया गया और कामकाज पूरी तरह ठप हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम ने पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली। हर संदिग्ध वस्तु और स्थान की जांच की गई।

डीसीपी प्रमोद कुमार वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए बम निरोधक और डॉग स्क्वॉड टीम के साथ पूरे परिसर की चेकिंग कराई जा रही है। अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को परिसर खाली करने की सूचना दे दी गई है। साथ ही, किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।

उन्होंने बताया कि जिस ईमेल आईडी पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ है, उसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। ईमेल के कंटेंट का एनालिसिस किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ईमेल में करीब 18 से 19 स्थानों का उल्लेख किया गया है, जिनकी भी गंभीरता से जांच की जा रही है।

फिलहाल पूरे मामले में जांच जारी है और पुलिस जिला जज के संपर्क में है।

Related Articles

Back to top button