उत्तर प्रदेशचंदौली

लोकुआ माइनर की सफाई न होने से टेल तक नहीं पहुंच रहा पानी, हजारों एकड़ की सिंचाई प्रभावित

किसान नेताओं ने विभाग पर उठाए गंभीर सवाल, चेतावनी दी आंदोलन की; जेई ने बताया आवश्यकतानुसार खुदाई की जाएगी

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली। धानापुर क्षेत्र के लोकुआ में भूपौली नहर की लिंक माइनर में टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। ग्रामीणों की शिकायतों के बावजूद खुदाई का काम अधूरा है, जिससे हजारों एकड़ खेतों की सिंचाई प्रभावित होने का खतरा पैदा हो गया है।

ग्रामीण दीनानाथ पांडेय, भानु प्रताप पाण्डेय, आदिनाथ पाण्डेय, संदीप पाण्डेय, दुखहरन राम, मूरत राम, त्रिलोकीनाथ पाण्डेय, मतई पाण्डेय और अवधेश तिवारी ने बताया कि माइनर के केवल कुछ हिस्से की खुदाई की गई है, जबकि लगभग तीन हिस्से की सफाई नहीं हुई है। इससे टेल तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है।

किसान नेता अरुण तिवारी ने आरोप लगाया कि खुदाई का काम केवल कागजों में दिखाया जाता है और सरकारी धन का दुरुपयोग होता है। उन्होंने चेतावनी दी कि विभाग यदि जल्द कार्रवाई नहीं करता है, तो एक सप्ताह के भीतर किसान बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

सिंचाई विभाग के जेई आफताब आलम ने बताया कि कुछ हिस्सों की खुदाई अभी तक नहीं हो पाई है, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर इसे किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button