लाल बहादुर शास्त्री शिक्षण संस्थान में संस्थापक पं. पारस नाथ तिवारी की 124वीं जयंती मनाई गई

रिपोर्ट: गणपत राय
पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर, चंदौली स्थित लाल बहादुर शास्त्री शिक्षण संस्थान में विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय पंडित पारस नाथ तिवारी जी की 124वीं जयंती गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राणाप्रताप सिंह एवं नगर क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र चतुर्वेदी द्वारा संस्थापक के तैल चित्र एवं मूर्ति पर माल्यार्पण कर की गई।
इस अवसर पर राणाप्रताप सिंह ने पंडित पारस नाथ तिवारी को चंदौली जनपद का “मालवीय” बताते हुए कहा कि वे मुगलसराय क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने वाले प्रथम व्यक्तित्व थे। उनकी दूरदर्शी सोच और अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि आज इस संस्थान से शिक्षा प्राप्त कर लाखों छात्र अपने जीवन और परिवार का भविष्य संवार चुके हैं। उन्होंने कहा कि संस्थापक जी ने शिक्षा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया, जो आज भी प्रेरणास्रोत है।
खंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में विद्यालय के पुराने विद्यार्थियों को ऐसे आयोजनों से जोड़ने पर बल दिया और कहा कि पूर्व छात्र विद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उनके सहयोग से संस्थान नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।
विद्यालय के प्रबंधक संदीप तिवारी ने संस्थापक पं. पारस नाथ तिवारी के कार्यों को याद करते हुए उनके आदर्शों और विचारों पर चलने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता और संस्कार दोनों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। कार्यक्रम में भोला नाथ यादव और अंकुर यादव ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं अभिवादन किया।
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य जहांगीर गुड्डू, शिवजी तिवारी, विशाल तिवारी, सूबेदार सिंह, प्रतिमा, रंजीत कुमारी सिंह, अनुरेखा मिश्र, रामाश्रय पाल, राजेश पाल, चंद्रप्रकाश, रमेश पांडे सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र, अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम पूरे श्रद्धा, सम्मान और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।



