रामवंति एकेडमी का वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न, छात्रों ने बांधा समा
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा पगही गांव, पूर्व विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’ ने प्रतिभाओं को किया सम्मानित

रिपोर्ट: गणपत राय
धानापुर क्षेत्र के पगही गांव स्थित रामवंति एकेडमी में वार्षिकोत्सव का आयोजन बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’ समेत अन्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। एकल एवं समूह नृत्य, नाटक और नाटिकाओं के माध्यम से बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता, देशभक्ति और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए।
मुख्य अतिथि मनोज सिंह ‘डब्लू’ ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में शिक्षण संस्थानों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों को संस्कारवान बनाने पर जोर दिया।
विद्यालय के प्रबंधक रामआश्रय यादव ने बताया कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। उन्होंने छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला।



