उत्तर प्रदेशचंदौली

रामनवमी पर सिकठा में विराट कुश्ती दंगल, 25 हजार की बड़ी कुश्ती बराबरी पर छूटी

निगम (जौनपुर) और शमशेर (पंजाब) के बीच रोमांचक मुकाबला ड्रॉ, महिला पहलवान नंदिनी हरियाणा ने भी दिखाई दमदार जीत

रिपोर्ट: अवधेश राय

धीना क्षेत्र के सिकठा गांव में रामनवमी के पावन अवसर पर प्रगतिशील किसान रतन सिंह के नेतृत्व में भव्य कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इस दंगल में क्षेत्र ही नहीं बल्कि दूर-दराज से आए नामी-गिरामी पहलवानों ने हिस्सा लिया और अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह और विशिष्ट अतिथि बरहनी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया। दंगल की शुरुआत से ही अखाड़े में रोमांच देखने को मिला।

वाराणसी के प्रदीप ने मिर्जापुर के सुनील को पटखनी देकर दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। वहीं जौनपुर के सुमेल ने दिल्ली के प्रवीण को हराया, सैयदराजा के सुनील ने कर्मनाशा के विश्वनाथ को पराजित किया।

महिला वर्ग में हरियाणा की नंदिनी ने दिल्ली की सोनाली को काला दांव मारकर शानदार जीत दर्ज की।

दंगल की सबसे बड़ी 25 हजार रुपये की कुश्ती जौनपुर के निगम और पंजाब के शमशेर के बीच हुई, जो बेहद रोमांचक रही और अंत में बराबरी पर छूट गई। इसके अलावा 20 हजार की कुश्ती में जौनपुर के सुनील व उत्तराखंड के सारिक, चकिया के शमशेर सिंह व बरंगा के अरविंद के बीच मुकाबले हुए।

16 हजार की कुश्ती में मेरठ के शाकिर नूर व बेलवानी के राहुल, 10 हजार में वाराणसी के आशीष व दिल्ली के प्रदीप और 6 हजार की कुश्ती में बेलवानी के चंदन व उत्तराखंड के साहिल के बीच मुकाबले बराबरी पर रहे।

दंगल को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान विधायक सुशील सिंह ने कहा कि कुश्ती जैसी पारंपरिक खेल आज भी समाज में जीवित हैं और इन्हें आगे बढ़ाने के लिए सभी को प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। स्वागत भाषण महेंद्र बहादुर सिंह ने दिया, धन्यवाद ज्ञापन राजीव रंजन ने किया और संचालन रतन कुमार सिंह ने किया।

Related Articles

Back to top button