रसिया बनवासी बस्ती में दूसरे दिन भी गरजा बुलडोजर, रातभर चलेगा सीमांकन अभियान
20 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन सख्त, बुलडोजर कार्रवाई के साथ सीमांकन तेज

रिपोर्ट: गणपत राय
इलिया क्षेत्र के रसिया बनवासी बस्ती में वन भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। बुधवार को दूसरे दिन भी बुलडोजरों की गर्जना जारी रही और पूरे क्षेत्र में कार्रवाई तेज कर दी गई। करीब 20 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ-साथ उसके सीमांकन का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
सुबह से ही वन विभाग, राजस्व विभाग और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चिन्हित अतिक्रमणों को हटाने का काम लगातार चलता रहा। वहीं राजस्व विभाग की टीम नक्शा, खसरा और अभिलेखों के आधार पर जमीन की पैमाइश में जुटी रही। पूरे इलाके में प्रशासनिक हलचल और मशीनों की आवाज से माहौल गंभीर बना रहा।
रेंजर चकिया अश्विनी चतुर्वेदी ने बताया कि वन भूमि की सुरक्षा के लिए सीमांकन बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया दिनभर जारी रहेगी और जरूरत पड़ने पर रातभर भी सीमांकन अभियान चलाया जाएगा, जिससे भविष्य में किसी भी तरह के अतिक्रमण को रोका जा सके।
अभियान के दौरान नायब तहसीलदार मुहम्मद आरिफ, ए.के. दूबे, आनंद दूबे, जसवंत सिंह समेत वन विभाग के अधिकारी और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की सख्ती के चलते किसी बड़े विरोध की स्थिति नहीं बनी और कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ती रही।
अधिकारियों के मुताबिक, पहले दिन बड़ी संख्या में अवैध झोपड़ियों और निर्माण को ध्वस्त किया गया था, जबकि दूसरे दिन मुख्य रूप से भूमि के सटीक सीमांकन पर फोकस रखा गया है, ताकि भविष्य में किसी विवाद की गुंजाइश न रहे।



