रविदास जयंती पर काशी पहुंचेगा देश-विदेश से रैदासियों का सैलाब, PM-CM को भेजा गया आमंत्रण
1 फरवरी को सीर गोवर्धनपुर में होगा भव्य प्राकट्योत्सव, 10 देशों से संत और श्रद्धालु होंगे शामिल
वाराणसी। संत रविदास जयंती के अवसर पर 1 फरवरी को काशी में भव्य आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। श्री गुरु रविदास जन्म स्थान पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं को आमंत्रण भेजा गया है। इस अवसर पर भारत सहित 10 देशों से रैदासी संत और श्रद्धालु काशी पहुंचेंगे।
सीर गोवर्धनपुर में पांच किलोमीटर के दायरे में लगने वाले इस जन्मोत्सव को लेकर मेले का स्वरूप उभरने लगा है। रैदासियों की सेवा के लिए पंजाब के जालंधर से 500 से अधिक सेवादारों का जत्था वाराणसी पहुंच चुका है। ट्रस्ट की ओर से करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है, जबकि इस वर्ष दो लाख से अधिक रैदासियों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
ट्रस्ट के ट्रस्टी केएल सरोवा ने बताया कि संत रविदास के प्राकट्योत्सव पर 10 दिनों तक उत्सव चलेगा। आयोजन स्थल पर 300 फीट लंबा और 100 फीट चौड़ा जर्मन हैंगर टेंट लगाया जा रहा है। अलग-अलग राज्यों के श्रद्धालुओं के लिए पृथक टेंट बनाए गए हैं, साथ ही लंगर और सामग्री भंडारण की भी व्यापक व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के प्रमुख संत निरंजन दास महाराज 30 जनवरी को बनारस पहुंचेंगे, जिनके साथ एनआरआई श्रद्धालु भी आएंगे। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था शिवहरि मीणा, काशी जोन के डीसीपी गौरव वंशवाल, लंका थाना अध्यक्ष राजकुमार और सीर चौकी प्रभारी सौरभ तिवारी पुलिस बल के साथ गश्त करते नजर आए।



