उत्तर प्रदेशवाराणसी

रंगभरी एकादशी पर बाबा मसान नाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली गई

बाबा कीनाराम आश्रम से राजा हरिश्चंद्र घाट तक गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, डमरू दल और पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

वाराणसी में रंगभरी एकादशी के अवसर पर काशी मोक्षदायिनी सेवा समिति के तत्वावधान में बाबा मसान नाथ की पारंपरिक शोभायात्रा शुक्रवार को निकाली गई। यात्रा की शुरुआत बाबा कीनाराम आश्रम से हुई और आई.पी. विजया, भेलूपुर व सोनारपुरा मार्ग से होते हुए राजा हरिश्चंद्र घाट पर सम्पन्न हुई।

पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों, डमरू दल और बैंड-बाजों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु रंग-गुलाल उड़ाते हुए नाचते-गाते यात्रा के साथ चलते रहे।

आयोजक पवन चौधरी ने बताया कि रंगभरी एकादशी पर निकाली जाने वाली यह शोभायात्रा काशी में होली उत्सव की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक मानी जाती है। यात्रा में बाबा मसान नाथ की सजीव झांकी आकर्षण का केंद्र रही। विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

घाट पहुंचने पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन और आरती सम्पन्न हुई। श्रद्धालुओं ने बाबा मसान नाथ का आशीर्वाद लिया और उत्सव में सहभागिता निभाई।

Related Articles

Back to top button