यूपी में स्मार्ट मीटर हुए सस्ते, आधे दाम में मिलेगा नया बिजली कनेक्शन
यूपीईआरसी ने जारी की नई कास्ट डाटा बुक-2025, सिंगल फेज मीटर 2800 और थ्री फेज 4100 रुपये में
वाराणसी। नए साल में उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने जा रही है। उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (यूपीईआरसी) ने कास्ट डाटा बुक-2025 जारी करते हुए स्मार्ट प्रीपेड मीटर की कीमतों में भारी कटौती की है। इससे अब नया बिजली कनेक्शन लेना पहले से कहीं अधिक आसान और किफायती हो गया है।
नई दरों के अनुसार सिंगल फेज स्मार्ट प्रीपेड मीटर की कीमत 6016 रुपये से घटकर 2800 रुपये कर दी गई है, जबकि थ्री फेज मीटर की लागत 11342 रुपये से कम होकर 4100 रुपये हो गई है। इस फैसले से नए कनेक्शन पर आने वाला खर्च आधे से भी कम हो जाएगा।
आयोग ने नए कनेक्शन के लिए फिक्स्ड चार्ज सिस्टम लागू किया है, जिससे अब एस्टीमेट बनाने की जटिल प्रक्रिया समाप्त हो गई है। उपभोक्ता दूरी, लोड और अन्य मानकों के आधार पर तय फिक्स्ड शुल्क जमा कराकर सीधे बिजली कनेक्शन प्राप्त कर सकेंगे।
गरीब और बीपीएल उपभोक्ताओं को विशेष राहत देते हुए प्रोसेसिंग फीस और सिक्योरिटी डिपाजिट पूरी तरह माफ कर दी गई है। साथ ही भुगतान किस्तों में करने की सुविधा भी दी जाएगी। एडवांस्ड मीटरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर (AMI) की लागत उपभोक्ताओं से नहीं ली जाएगी, क्योंकि यह रिवैंप्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के तहत कवर है।
आयोग ने बिजली कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि 12 जनवरी 2026 तक साफ्टवेयर अपडेट कर नई दरों को लागू किया जाए। उपभोक्ता 12 जनवरी के बाद यूपीपीसीएल की वेबसाइट, मोबाइल एप या नजदीकी कार्यालय से संपर्क कर योजना का लाभ ले सकते हैं।



