युवा शक्ति को मिलेगा खेल मंच, अमर वीर इंटर कॉलेज में भव्य दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन
धानापुर में 19 जनवरी को 1000 मीटर लड़के-लड़कियों की दौड़, विजेताओं को बाइक, स्कूटी और साइकिल पुरस्कार
रिपोर्ट: अवधेश राय
धानापुर (चंदौली)। सैय्यद राजा विधानसभा क्षेत्र के धानापुर ब्लॉक स्थित अमर वीर इंटर कॉलेज में 19 जनवरी 2026, सोमवार को प्रातः 10 बजे से 1000 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में लड़के और लड़कियां दोनों भाग लेंगे। आयोजन को लेकर क्षेत्र के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजन समिति के अनुसार, प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले लड़के को मोटरसाइकिल और प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली लड़की को स्कूटी पुरस्कार के रूप में दी जाएगी। इसके अलावा 5-5 लड़के और लड़कियों को साइकिल देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों ने चंदौली जनपद के सभी बच्चों और बच्चियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
पूर्व विधायक सैय्यद राजा मनोज कुमार सिंह ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। “खेल से स्वास्थ्य और स्वास्थ्य से राष्ट्र निर्माण” की भावना के साथ यह आयोजन युवाओं को नई दिशा देगा। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी समाजवादी पार्टी सैय्यद राजा के मीडिया प्रभारी अवधेश राय निभा रहे हैं। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह और समर्थन का माहौल बना हुआ है।



