उत्तर प्रदेशचंदौली

मेधावी छात्रों के सम्मान से खिल उठे चेहरे, प्राथमिक विद्यालय खरौझा में भव्य समारोह आयोजित

शहाबगंज के प्राथमिक विद्यालय में वार्षिक पारितोषिक वितरण, मेडल पाकर झूम उठे नन्हे विद्यार्थी

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली: शिक्षा के प्रति बच्चों में उत्साह बढ़ाने और उनकी मेहनत को सम्मान देने के उद्देश्य से विकास खंड शहाबगंज के प्राथमिक विद्यालय खरौझा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान बीते शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों—आराधना, सना, यश कुमार, आराध्या और अंश गुप्ता को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से इन मेधावी छात्रों को मेडल, कॉपियां, पेन और वाटर बोतल प्रदान की गई। अपना पहला मेडल पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे विद्यालय का माहौल उत्साह से भर गया।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाध्यापक अवनीश सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम का संचालन अध्यापक दिलीप कुमार ने कुशलतापूर्वक किया।

इस अवसर पर शिक्षक नसीम अहमद, प्रेमलता यादव, श्रीराम पाण्डेय और बलवंत ने भी बच्चों का मार्गदर्शन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों की भी सहभागिता रही। मराछी देवी, विनोद प्रजापति, रंजना देवी, साधना, श्यामकुमारी, राजू और महेश कुमार सहित कई अभिभावकों ने विद्यालय के इस प्रयास की सराहना की। उनका कहना था कि इस तरह के सम्मान समारोह से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि और अधिक बढ़ती है।

Related Articles

Back to top button