उत्तर प्रदेशचंदौली

मुट्टुन हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी पर कसा शिकंजा, घर पर चस्पा हुआ नोटिस

अग्रिम जमानत के बावजूद जांच से दूरी, पुलिस ने तीन बार भेजा नोटिस, अब सख्त कार्रवाई की तैयारी

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित मुट्टुन हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बस संचालक राजकुमार यादव उर्फ मुट्टुन की हत्या के मामले में नामजद मुख्य अभियुक्त अभिषेक सिंह उर्फ रामनाथ उर्फ पहलवान सिंह के घर पर पुलिस ने नोटिस चस्पा किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत मिल चुकी है, लेकिन इसके बावजूद वह विवेचना में सहयोग नहीं कर रहा है। नियमानुसार जमानत मिलने के बाद उसे पुलिस के समक्ष उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज कराना अनिवार्य है, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा है और पुलिस की पकड़ से दूर है।

गौरतलब है कि बीते वर्ष 1 मई को रायपुर गांव निवासी बस संचालक राजकुमार यादव उर्फ मुट्टुन की धानापुर बस स्टैंड तिराहे पर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही आरोपी फरार है और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी अभिषेक सिंह ने इस हत्याकांड के साथ-साथ चकिया में हुई एक पुलिस मुठभेड़ के मामले में भी अग्रिम जमानत हासिल कर ली है। बावजूद इसके वह जांच में शामिल नहीं हो रहा है, जिससे पुलिस की कार्रवाई और तेज हो गई है।

धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि आरोपी को अब तक तीन बार नोटिस जारी किया जा चुका है। इसके बाद भी जब वह पेश नहीं हुआ तो उसके घर पर नोटिस चस्पा किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी को बार-बार बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया जा रहा है, लेकिन वह पुलिस को लगातार नजरअंदाज कर रहा है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है और गंभीर मामलों में शामिल आरोपियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अब आरोपी की गिरफ्तारी या उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस अन्य कानूनी विकल्पों पर भी विचार कर रही है।

Related Articles

Back to top button