मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने गड़ई नदी पर तीन पुलों का किया शिलान्यास
करोड़ों की लागत से बनने वाले पुलों से 20 से अधिक ग्राम सभाओं को मिलेगा लाभ, जनता से कराया शिलान्यास

रिपोर्ट: गणपत राय
मुगलसराय क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक रमेश जायसवाल ने गड़ई नदी पर बनने वाले तीन महत्वपूर्ण पुलों का शिलान्यास किया। खास बात यह रही कि इन पुलों का शिलान्यास स्वयं विधायक ने नहीं, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों के हाथों करवाया, जिसे क्षेत्रवासियों ने सम्मान की बड़ी मिसाल बताया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा पचोखर के राजस्व गांव तकिया में 1 करोड़ 82 लाख रुपये, ग्राम सभा महदेउर के राजस्व गांव गोपालपुर में 1 करोड़ 57 लाख रुपये तथा ग्राम सभा पड़या में 4 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से पुलों का निर्माण कराया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने कहा कि पहली बार कोई विधायक जनता को इतना सम्मान दे रहा है, जो खुद उद्घाटन न करके ग्रामीणों से यह कार्य करा रहा है। वहीं विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि ग्राम सभा पड़या में बनने वाला पुल क्षेत्र के लिए “संजीवनी बूटी” साबित होगा।
उन्होंने बताया कि बाढ़ के दौरान उन्होंने स्वयं क्षेत्र का दौरा किया था, जहां लोगों को ट्राली पर मोटरसाइकिल ले जाते देखा और गांव पूरी तरह जलमग्न था। उस समय उन्होंने पुल निर्माण का वादा किया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि तीन महीने के भीतर पुल निर्माण कार्य पूरा कर उद्घाटन भी किया जाएगा।
विधायक ने आगे कहा कि तकिया में बनने वाला पुल लगभग 10 ग्राम सभाओं को जोड़ देगा, जबकि गोपालपुर का पुल करीब 12 ग्राम सभाओं के लिए आवागमन को आसान बनाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आजादी के बाद पहली बार इन स्थानों पर पुल बन रहे हैं, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर कई प्रधान और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें सूरज सिंह, बब्बू सिंह, कल्लू सिंह, ओम प्रकाश मौर्य, महेंद्र माही, अशोक बिंद, महेंद्र श्रीवास्तव, बृजेश बिंद, सुनीता बिहार और विधायक प्रतिनिधि संजय कन्नौजिया शामिल रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।



