उत्तर प्रदेशचंदौली

मुगलसराय में रसकुंज मिष्ठान के कारखाने में लगी आग, दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद पाया काबू

घरेलू सिलेंडर से चल रहा था कारखाना, आग से निपटने की व्यवस्था नहीं; फायर NOC पर भी उठे सवाल

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली/मुगलसराय: जिले के मिनी महानगर मुगलसराय में सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मुगलसराय स्टेशन के ठीक सामने स्थित रसकुंज मिष्ठान के कारखाने में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि खिड़कियों से बाहर निकलकर आसपास के मकानों तक पहुंचने लगीं। आग की भयावह स्थिति को देखकर आसपास रहने वाले लोग घबराकर अपने घर खाली करने लगे।

बताया जा रहा है कि रसकुंज मिष्ठान की ऊपरी मंजिल पर कारखाना संचालित होता है। सोमवार की तड़के सुबह तीसरी मंजिल की खिड़कियों से अचानक आग की लपटें बाहर निकलने लगीं। दुकान के सामने टेम्पो लगाकर सवारी भर रहे चालकों ने सबसे पहले आग को देखा और शोर मचाकर लोगों को इसकी जानकारी दी।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि कारखाने में मानकों की अनदेखी करते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जाता है। लोगों को इस बात का डर सता रहा था कि अगर आग के कारण सिलेंडर फट गया तो पूरा इलाका मलबे में तब्दील हो सकता है।

सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

इस घटना के बाद फायर विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना मानक के संचालित इस कारखाने को फायर ब्रिगेड की ओर से एनओसी कैसे मिल गई, यह जांच का विषय है।

Related Articles

Back to top button