उत्तर प्रदेशचंदौली

मुगलसराय में जुए के अड्डे पर छापा, भाजपा नेता समेत 14 गिरफ्तार

स्वाट-सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, 1.17 लाख नकद और 52 बाइक बरामद, सफेदपोशों के नाम भी चर्चा में

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली जनपद के मुगलसराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त छापेमारी में कुल 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से करीब 1 लाख 17 हजार रुपये नकद और 52 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम सेमरा के सिवान स्थित एक घर और उसके पास बने बगीचे में लंबे समय से बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने छापा मारकर सभी आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में कुछ प्रभावशाली और राजनीतिक संबंध रखने वाले लोगों के नाम भी सामने आ रहे हैं। इनमें भाजपा से जुड़े सह जिला सद्भावना प्रमुख देवता यादव का नाम भी शामिल बताया जा रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि यह अवैध गतिविधि लंबे समय से संचालित हो रही थी और इसकी जानकारी पुलिस को पहले से थी, लेकिन कथित संरक्षण के कारण कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। साथ ही कुछ सफेदपोश और कथित मददगारों की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस ने सभी 14 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई को पुलिस विभाग बड़ी सफलता मान रहा है। वहीं क्षेत्र में इस घटना के बाद अवैध गतिविधियों पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button