मुगलसराय में गुब्बारे के सिलेंडर में भीषण धमाका, मकान का पिलर ढहा
विस्फोट में संचालक गंभीर रूप से झुलसा, मलबे की चपेट में आकर दो लोग घायल — पुलिस जांच में जुटी

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
मुगलसराय के लाठ नंबर 1 क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक गुब्बारे में गैस भरने वाले सिलेंडर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
इस हादसे में सिलेंडर संचालक चुन्नू ठठेरा गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट अचानक हुआ जिससे किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
विस्फोट का असर पास के एक मकान पर भी पड़ा। सिलेंडर के फटने से उड़ा मलबा तेजी से घर से टकराया, जिससे मकान का एक पिलर पूरी तरह ढह गया। इस दौरान घर में मौजूद दो अन्य लोग भी मलबे की चपेट में आकर मामूली रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में भीड़ को हटाया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सिलेंडर में गैस रिफिलिंग या रखरखाव में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई।



