मुगलसराय नगर पालिका को ‘C’ ग्रेड में शामिल करने पर कांग्रेस का हमला, रामजी गुप्ता बोले—नगर के साथ हुआ बड़ा अन्याय
पूर्व शहर अध्यक्ष ने सरकार के फैसले की निंदा करते हुए कहा—कर निर्धारण अधिकारी व कर निरीक्षकों के पद खत्म होंगे, विकास कार्य और कर्मचारियों के वेतन पर पड़ेगा असर

रिपोर्ट: गणपत राय
मुगलसराय। नगर पालिका परिषद पंडित दीनदयाल नगर (मुगलसराय) को ‘C’ ग्रेड में शामिल किए जाने को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य व पूर्व शहर अध्यक्ष रामजी गुप्ता ने इस निर्णय को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला है।
रामजी गुप्ता ने जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि पिछले 12 वर्षों से केंद्र में और 9 वर्षों से प्रदेश में भाजपा की सरकार है। इसके साथ ही चंदौली में भी लगातार दो बार भाजपा के सांसद रहे हैं। वहीं मुगलसराय से दो बार भाजपा के विधायक और लगातार दो बार भाजपा के चेयरमैन भी चुने गए हैं। इसके अलावा वर्तमान समय में जनपद में भाजपा के दो राज्यसभा सांसद और तीन विधायक भी हैं। इसके बावजूद विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि द्वेष भावना से ‘A’ ग्रेड की नगर पालिका को ‘C’ ग्रेड में शामिल कर नगर की जनता के साथ बड़ा अन्याय किया गया है। इस निर्णय का सीधा असर नगर पालिका के प्रशासनिक ढांचे और विकास कार्यों पर पड़ेगा।
रामजी गुप्ता के अनुसार, शासन के इस फैसले से पालिका में कर निर्धारण अधिकारी और तीन कर निरीक्षकों के पद समाप्त हो जाएंगे। इसके साथ ही राज्य वित्तीय आयोग से मिलने वाला फंड भी बंद हो सकता है। ऐसे में कर्मचारियों के वेतन भुगतान में दिक्कत आएगी और नगर के विकास कार्य भी प्रभावित होंगे।
उन्होंने भाजपा सरकार के इस निर्णय की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि नगर की जनता इस फैसले को लेकर बेहद आक्रोशित है। आने वाले विधानसभा चुनाव में मुगलसराय की जनता भाजपा को इसका जवाब देगी।
साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की है कि नगर पालिका परिषद पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर को तत्काल प्रभाव से पुनः ‘A’ ग्रेड में शामिल किया जाए, ताकि नगर के विकास कार्य प्रभावित न हों और कर्मचारियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।



