उत्तर प्रदेशचंदौली

मुगलसराय के महिंद्रा शोरूम में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

जीटी रोड स्थित रुद्रांश मोटर्स में लगी आग, फायर ब्रिगेड मौके पर, शॉर्ट सर्किट की आशंका

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली | मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जलीलपुर पुलिस चौकी अंतर्गत जीटी रोड स्थित महिंद्रा के रुद्रांश मोटर्स शोरूम में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही शोरूम से उठती ऊंची लपटों और काले धुएं ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है। आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। शोरूम के भीतर खड़ी कई गाड़ियां और बड़ी मात्रा में स्पेयर पार्ट्स होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने के निर्देश दिए। फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं।

फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन शोरूम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button