उत्तर प्रदेशचंदौलीशिक्षा

माता सावित्रीबाई फुले का जन्मदिवस धूमधाम से मनाया गया, शिक्षा के महत्व पर दिया जोर

राजेश यादव ने कहा: “स्वाभिमान के लिए शिक्षा अनिवार्य, बच्चों को शिक्षित कर समाज में बदलाव लाना जरूरी”

रिपोर्ट: गणपत राय

धानापुर। विकास खंड क्षेत्र के डबरिया गांव स्थित सम्यक बुद्ध विहार परिसर में शनिवार दोपहर देश की प्रथम शिक्षिका माता सावित्रीबाई फुले का जन्मदिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने सावित्रीबाई और ज्योतिबा फुले के संघर्षों को याद करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।

जिला पंचायत सदस्य राजेश यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि माता सावित्रीबाई फुले का संदेश था कि स्वाभिमान के लिए शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उनके विचारों को अपनाकर आगे बढ़ना समाज की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में हेमंत कुशवाहा ने कहा कि बुद्ध विहारों के माध्यम से लोगों में शिक्षा का जागरूकता पैदा होगी और वे अपने हक के लिए खड़े होंगे। उन्होंने चंदौली जिले के गौतम बुद्ध विहार, न्यू सारनाथ में 7.5 बीघा जमीन अधिग्रहण के विरोध में चल रहे धरनों का भी जिक्र किया और आगामी 8 फरवरी को जगदेव बाबू की जयंती समारोह आयोजित करने की घोषणा की।

जिला पंचायत सदस्य गणेश प्रसाद ने कहा कि माता सावित्रीबाई फुले के विचार अपनाकर बच्चों को शिक्षित करना समाज में बदलाव लाने की दिशा में पहला कदम है।

कार्यक्रम में हेमंत कुशवाहा, राजेश यादव, गणेश प्रसाद, रजनीश यादव, डॉ. हंसलाल मौर्य, पारस सिंह मौर्य, सुखराज, ललित मौर्य, पप्पू राजा, डॉ. चंद्रिका, डॉ. काशीनाथ, भंते महाकश्यप, डॉ. सुनील मौर्य, राजकुमार मौर्य, गीता देवी, शैल मौर्य और ममता देवी सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सैनिक मुन्ना सिंह दादा ने की, जबकि संचालन विजय कुमार ने किया।

Related Articles

Back to top button