उत्तर प्रदेशचंदौली

महाशिवरात्रि पर मधुपुर वृद्धाश्रम में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, बुजुर्गों को दवा और फल वितरित

श्री धनवन्तरि हॉस्पिटल की पहल—डॉ. चंद्रिका प्रसाद और डॉ. प्रेमलता के नेतृत्व में स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की दी जानकारी

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मधुपुर स्थित वृद्धाश्रम में सेवा और संवेदना का प्रेरक उदाहरण देखने को मिला। श्री धनवन्तरि हॉस्पिटल एवं नर्सिंग होम की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. चंद्रिका प्रसाद एवं डॉ. प्रेमलता के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

शिविर के दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श व दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही सभी बुजुर्गों के बीच फल वितरण कर उन्हें सम्मानपूर्वक सेवा का अनुभव कराया गया।

इस अवसर पर चिकित्सकों ने बताया कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज और ऑपरेशन की सुविधा प्रदान की जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बड़ी राहत मिल रही है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार गणपत राय भी मौजूद रहे। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व पर सेवा कार्य करना ही सच्ची शिवभक्ति है।

हॉस्पिटल के समस्त स्टाफ की उपस्थिति में आयोजित यह कार्यक्रम श्रद्धा, सेवा और मानवीय संवेदना के वातावरण में संपन्न हुआ। वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों ने डॉक्टरों और पूरी टीम को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button