मनोज सिंह डब्लू की पहल रंग लाई, सैयदराजा को मिलेगी 21 घंटे बिजली
पूर्व विधायक के आवास पर एक्सईएन विद्युत के साथ बैठक, अधिक वसूले गए बिल के समायोजन और शहरी फीडर से जोड़ने पर बनी सहमति

रिपोर्ट: अवधेश राय
चंदौली। सैयदराजा नगर में बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर शनिवार को पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के आवास पर अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में एक्सईएन विद्युत आशीष कुमार सिंह मौजूद रहे। बैठक के दौरान पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने सैयदराजा नगर की बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से रखा और उनके जल्द समाधान की मांग की।
बैठक में उन्होंने बताया कि पिछले करीब 10 वर्षों से बिजली विभाग सैयदराजा नगर को ग्रामीण फीडर से बिजली आपूर्ति कर रहा है, जबकि उपभोक्ताओं से शहरी क्षेत्र की दरों के हिसाब से बिल वसूला जा रहा है। इससे स्थानीय उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने इस अधिक वसूली की राशि को वापस करने या उपभोक्ताओं के आगामी बिलों में समायोजित करने की मांग उठाई।
दरअसल, सैयदराजा नगर के बिजली उपभोक्ता कई वर्षों से अधिक बिल वसूली की शिकायत कर रहे थे। जब यह मामला पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के संज्ञान में आया तो उन्होंने 9 मार्च को रामलीला मैदान में धरना-प्रदर्शन का आह्वान किया था। इस घोषणा के बाद प्रशासन हरकत में आया और जिलाधिकारी के निर्देश पर बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्या के समाधान की रूपरेखा तैयार की गई।
इसी क्रम में शनिवार को एक्सईएन विद्युत आशीष कुमार सिंह ने पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के सैयदराजा स्थित आवास पर पहुंचकर विस्तृत चर्चा की। बैठक के बाद पूर्व विधायक ने जानकारी दी कि बिजली विभाग की ओर से अधिक वसूले गए बिलों की वापसी या समायोजन को लेकर उच्चाधिकारियों से वार्ता करने का भरोसा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि विभाग ने सैयदराजा नगर को शहरी फीडर से जोड़ने के लिए 15 दिन का समय मांगा है। वहीं, एक्सईएन आशीष कुमार सिंह ने कहा कि बिजली से जुड़ी कई समस्याओं को संज्ञान में लिया गया है और उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सैयदराजा नगर क्षेत्र में 21 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी और मार्च माह के अंत तक इससे संबंधित सभी आवश्यक कार्यवाही पूरी कर ली जाएगी। बैठक के बाद पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को फिलहाल स्थगित करने की घोषणा की है।



