उत्तर प्रदेशचंदौली

मनरेगा कार्यों में गड़बड़ी के आरोप पर सलेमपुर में विरोध, भाकपा माले का धरना शुरू

गौशाला और खड़ंजा निर्माण में अनियमितताओं का दावा, जांच और कार्रवाई की मांग तेज

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली जिले के सकलडीहा विकास खंड के सलेमपुर गांव में मनरेगा योजना के तहत कराए गए कार्यों को लेकर विवाद गहरा गया है। पशु आश्रय केंद्र और खड़ंजा निर्माण में अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए भाकपा माले ने मंगलवार से धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। संगठन ने स्थानीय प्रशासन पर मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।

भाकपा माले के ब्लॉक सचिव उमानाथ सिंह चौहान के अनुसार, गांव में करीब एक एकड़ भूमि पर पिछले वर्ष पशु आश्रय केंद्र का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि इस परियोजना में भारी खर्च दिखाया गया, लेकिन ग्रामीणों का दावा है कि इसका समुचित उपयोग नहीं हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य से संबंधित जानकारी शिलापट्ट पर स्पष्ट रूप से अंकित नहीं है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गौशाला परिसर में बने तालाब की खुदाई नियमों के अनुरूप नहीं की गई है, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं। वहीं, खड़ंजा निर्माण को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वास्तविक निर्माण कम हुआ, जबकि अभिलेखों में अधिक कार्य दर्शाया गया है।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक निष्पक्ष जांच नहीं होती, धरना जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।

धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और भाकपा माले कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही, जिन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को दोहराया।

Related Articles

Back to top button