उत्तर प्रदेशवाराणसी

मतदाता सूची अपडेट | 31 दिसंबर को जारी होगी प्रारंभिक सूची, 5.73 लाख नाम हटे

1 जनवरी से 20 फरवरी तक आपत्ति व नाम जोड़ने का मौका, पंचायत चुनाव की अनंतिम सूची में भी गड़बड़ी का आरोप

वाराणसी में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 31 दिसंबर को मतदाता सूची की प्रारंभिक सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 1 जनवरी से 20 फरवरी तक मतदाता आपत्ति दर्ज कर अपना नाम जोड़वा सकेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि 93 प्रतिशत मतदाताओं के नाम या उनके पिता/दादा के नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज थे। कुल 82 प्रतिशत फॉर्म प्राप्त हुए हैं, जबकि 18 प्रतिशत फॉर्म नहीं आए हैं, जिनके नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं।

निर्वाचन कार्यालय के अनुसार शुक्रवार रात 12 बजे तक 93 प्रतिशत मैपिंग पूरी कर ली गई है। जिले में कुल 31.53 लाख मतदाता थे, जिनमें से 5.73 लाख नाम मतदाता सूची से हटेंगे। 25.80 लाख मतदाताओं ने फॉर्म भरकर जमा किए हैं। जांच में 76 हजार मृतक, 46 हजार डुप्लीकेट और 4.30 लाख स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाता पाए गए हैं।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अनंतिम सूची पर सवाल

इधर, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए पंचायतीराज विभाग द्वारा जारी नई अनंतिम मतदाता सूची में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम गायब होने का मामला सामने आया है। कई गांवों में सैकड़ों मतदाताओं के नाम सूची से हट गए हैं, जिनमें पूर्व प्रधान, बीएलओ, पत्रकारों और संभावित प्रत्याशियों के परिजन भी शामिल हैं।

ग्रामीणों ने शुक्रवार को ब्लॉक कार्यालय पहुंचकर बीडीओ से शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ताओं के अनुसार ग्राम पंचायत जाल्हूपुर में 400, तोफापुर में 450, पूरनपट्टी में 175, तरयां में 150 और बीकापुर में 125 मतदाताओं के नाम पिछली सूची में थे, जो इस बार अनंतिम सूची से गायब हैं।

इस मामले में बीडीओ छोटे लाल तिवारी ने बताया कि गड़बड़ी की जानकारी मिली है और जिला कार्यालय से मूल पत्रावली मंगाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिनका नाम कट गया है, वे आधार कार्ड के साथ फार्म भरकर संबंधित बीएलओ या ब्लॉक कार्यालय में जमा कर सकते हैं। किसी भी पात्र मतदाता का नाम नहीं काटा जाएगा।

Related Articles

Back to top button