उत्तर प्रदेशवाराणसी

मणिकर्णिका घाट विकास कार्य पर विवाद, मूर्तियों के क्षतिग्रस्त होने के आरोपों से गरमाई काशी

अहिल्याबाई होलकर द्वारा निर्मित घाट पर JCB कार्रवाई को लेकर धर्मविदों और स्थानीय लोगों का विरोध, वीडियो वायरल

वाराणसी के विश्वप्रसिद्ध मणिकर्णिका घाट पर चल रहे विकास कार्य को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। धर्मविदों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि विकास कार्य के दौरान मां गंगा, भगवान गणेश और महारानी अहिल्याबाई होलकर से जुड़ी ऐतिहासिक मूर्तियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिसे लेकर घाट क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन किया गया।

आरोप है कि महारानी अहिल्याबाई होलकर द्वारा निर्मित घाट पर बने चबूतरों को हटाने के दौरान जेसीबी हैमर का इस्तेमाल किया गया, जिससे संरचनाएं टूटने लगीं। इसी दौरान मूर्तियों के क्षतिग्रस्त होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला और तूल पकड़ गया।

प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी ने मूर्तियां तोड़े जाने के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। वहीं कार्यदायी संस्था का कहना है कि सभी मूर्तियों को पहले ही सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया गया था। दूसरी ओर स्थानीय पंडितों और काशीवासियों का कहना है कि विकास आवश्यक है, लेकिन धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

इस पूरे मामले को विपक्षी दलों ने भी मुद्दा बनाते हुए सरकार को घेरा है। गौरतलब है कि इससे पहले विश्वनाथ कॉरिडोर निर्माण के दौरान भी इसी तरह के आरोप सामने आ चुके हैं।

Related Articles

Back to top button