मजदूर की बेटी ने रचा इतिहास, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीता गोल्ड मेडल
चंदौली की सुहानी राजभर को दिल्ली में मिला स्वर्ण पदक और 10 हजार का चेक, जिले का नाम किया रोशन
रिपोर्ट: गणपत राय
प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती – इस कहावत को सच कर दिखाया है चंदौली जनपद के सकलडीहा क्षेत्र के दिघवट गांव की 10वीं कक्षा की छात्रा सुहानी राजभर ने। एक मजदूर की बेटी सुहानी ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित ‘वीरगाथा’ प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
शिक्षा मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के स्कूली छात्रों ने पेंटिंग के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सुहानी को यह सम्मान वीर योद्धा महाराणा प्रताप का चित्र बनाने के लिए मिला। उनकी कलाकृति को देशभर से आई प्रविष्टियों में से शीर्ष 100 में शामिल किया गया।

शीर्ष 100 में चयन के बाद सुहानी को दिल्ली बुलाया गया, जहां एक भव्य समारोह में उन्हें स्वर्ण पदक के साथ 10,000 का चेक देकर सम्मानित किया गया। सुहानी दिघवट गांव निवासी हरिश्चंद्र राजभर की पुत्री हैं और वर्तमान में सैयदराजा स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में कक्षा 10 की छात्रा हैं। उनके विद्यालय द्वारा उनकी बनाई गई पेंटिंग को प्रतियोगिता के लिए अपलोड किया गया था।
सुहानी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद पूरे गांव में खुशी का माहौल है। दिघवट गांव में उन्हें बधाई देने वालों का लगातार तांता लगा हुआ है। परिवार से लेकर ग्रामीणों तक सभी खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
सुहानी की सफलता को सम्मान देने के लिए आगामी 3 फरवरी को गांव में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रामसूरत राजभर, पूर्व प्रधान महेंद्र राजभर, अधिवक्ता नवीन जायसवाल, जोखू राजभर, काली राजभर, श्रवण राजभर, हरिदास राजभर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहेंगे।



