मकर संक्रांति से पहले चाइनीज मांझे पर पुलिस सख्त, दुकानदारों को कड़ी चेतावनी
पतंगबाजी के दौरान चाइनीज व नालायन मांझा इस्तेमाल करने पर होगी सख्त कार्रवाई, पुलिस ने तेज की चेकिंग
वाराणसी। मकर संक्रांति के पर्व को लेकर वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने चाइनीज मांझे के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पुलिस प्रशासन लगातार अपील कर रहा है कि पतंग उड़ाने के दौरान चाइनीज या नालायन मांझे का प्रयोग न किया जाए। इसके बावजूद यदि कोई व्यक्ति चाइनीज मांझे के साथ पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसीपी कैंट नितिन तनेजा ने बताया कि 14 और 15 जनवरी को मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाएगा और 14 जनवरी से पतंगबाजी व आतिशबाजी का सिलसिला भी शुरू हो जाता है। ऐसे में सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने पतंग उड़ाने वालों के साथ-साथ उनके परिजनों से भी अपील की कि वे त्योहार को सुरक्षित तरीके से मनाएं और केवल साधारण मांझे का ही इस्तेमाल करें, जिससे किसी की जान को खतरा न हो।
एसीपी ने बताया कि चाइनीज मांझे के कारण आए दिन हादसे सामने आ रहे हैं। कई मामलों में लोगों का गला कटने और उंगलियां कटने जैसी गंभीर घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा लगातार दुकानों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे चाइनीज मांझा या उससे बनी पतंगें किसी भी सूरत में न बेचें।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई दुकानदार चाइनीज मांझा बेचते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान के दौरान कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा सहित कई पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और मकर संक्रांति का पर्व सुरक्षित, शांतिपूर्ण और जिम्मेदारी के साथ मनाने में सहयोग करें।



