उत्तर प्रदेशचंदौली

मंदिरों में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

कंदवा थाना पुलिस की कार्रवाई, मूर्तियां, पूजन सामग्री और नकदी बरामद

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली। जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र में मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खुलासे में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कंदवा थाना की टीम ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से देवी-देवताओं की मूर्तियां, पीतल की पूजन सामग्री और नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार घोसवा नहर तिराहा इमलियां मोड़ के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर घोसवा गांव निवासी 32 वर्षीय मोनू सिंह उर्फ बाउल को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से पीली व सफेद धातु की मूर्तियों की आंखें, पीतल का नाग, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, घंटी, दीपक, पंचमुखी आरती स्टैंड, भोग की कटोरियां और 3500 रुपये नकद बरामद हुए।

जांच में सामने आया है कि आरोपी का नाम कंदवा थाने में दर्ज कई मामलों में पहले भी प्रकाश में आ चुका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में उसकी संलिप्तता तो नहीं है।

थानाध्यक्ष राजीव मल्ल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। बरामद सामान को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button