भारतीय अवस्थी किसान यूनियन का धरना चौथे दिन भी जारी, एसडीएम से वार्ता की मांग
धानापुर में 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन तेज, मांगें न मानी गईं तो पुतला दहन की चेतावनी

रिपोर्ट: अवधेश राय
धानापुर (चंदौली)। क्षेत्र के श्रीकान्तपुर गांव स्थित शहीदगांव–रमौली मार्ग पर भारतीय अवस्थी किसान यूनियन का 11 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना चौथे दिन भी जारी रहा। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि संबंधित विभागों ने उनका मांग पत्र ले लिया है, लेकिन किसान यूनियन उपजिलाधिकारी सकलडीहा को स्वयं धरना स्थल पर आकर वार्ता करने और ठोस आश्वासन देने की मांग पर अड़ी हुई है।
किसान यूनियन ने भूपौली नहर से निकली नोनारी माइनर की सिल्ट सफाई में अनियमितता का आरोप लगाया है। सफाई के बाद दोनों पटरियों पर मिट्टी छोड़ देने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। माइनर की टूटी पटरी के कारण लगभग 50 बीघे भूमि की बुवाई भी प्रभावित हुई है। संगठन ने टूटे डवले की मरम्मत, शहीदगांव–धानापुर मार्ग पर माइनर की पुलिया को पुल में बदलने और लोकुआ गुरेहु माइनर की खुदाई को टेल तक पूरा कराने की मांग की है।
इसके अलावा आवाजापुर में भूपौली नहर की उत्तरी पटरी से अतिक्रमण हटाने, श्रीकांतपुर गांव में तालाब, खलिहान, खेल मैदान और सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने, मनरेगा भुगतान की जांच, ट्रांसफार्मर स्थानांतरण और सरकारी हैंडपंपों से समरसेबुल हटवाने की मांग भी धरने में शामिल है।
रविवार को खंड विकास अधिकारी अमित कुमार और नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद धरना स्थल पर पहुंचे और मांग पत्र प्राप्त किया। किसान यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि 9 फरवरी तक उपजिलाधिकारी द्वारा वार्ता नहीं की गई तो पुतला दहन किया जाएगा।



