उत्तर प्रदेशचंदौली

बिना रजिस्ट्रेशन किसानों को नहीं मिलेंगी सरकारी सुविधाएं

सीडीओ आर. जगत साई ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश—पीएम किसान योजना सहित अन्य लाभों से वंचित हो सकते हैं अपंजीकृत किसान

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली में किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने साफ निर्देश दिया कि जिन किसानों ने अभी तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है, उन्हें जल्द से जल्द पंजीकरण कराना होगा, अन्यथा भविष्य में उन्हें सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित होना पड़ सकता है।

बैठक में सीडीओ ने कहा कि जिले में कई ऐसे किसान हैं, जो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहे हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक अपनी फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है। ऐसे किसानों को आने वाले समय में इस योजना सहित अन्य सरकारी सुविधाओं से वंचित होना पड़ सकता है।

उन्होंने ग्राम्य विकास, पंचायती राज और कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ सभी उपजिलाधिकारियों और राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाकर किसानों को जागरूक किया जाए और पात्र किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।

सीडीओ ने बताया कि किसान ‘फार्मर रजिस्ट्री सेल्फ ऐप’, सहायक ऐप या जनसेवा केंद्र के माध्यम से स्वयं भी पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सहायक, रोजगार सेवक और कृषि विभाग के तकनीकी सहायकों के जरिए भी यह रजिस्ट्री निःशुल्क कराई जा रही है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, उप कृषि निदेशक भीमसेन, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन की इस सख्ती के बाद अब जिले में फार्मर रजिस्ट्री को लेकर अभियान तेज होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button