उत्तर प्रदेशचंदौली

बिजली के शॉर्ट सर्किट से दो दुकानों में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

बरहनी तिराहा स्थित संदीप जनरल स्टोर और चश्मा घर में रात के समय लगी आग, बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली। बरहनी तिराहा पर मंगलवार देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से दो दुकानों में भीषण आग लग गई। आग की इस घटना में संदीप जनरल स्टोर और उससे सटे चश्मा घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर दुकान मालिक मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन तब तक दोनों दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं।

जानकारी के अनुसार बरहनी स्थित बीआरसी के मुख्य मार्ग के किनारे संदीप अग्रहरि की संदीप जनरल स्टोर की दुकान है, जबकि उसी कटरे में डॉ. देवेंद्र प्रताप त्रिपाठी का चश्मा घर संचालित होता है। बताया गया कि मंगलवार को मीटर में खराबी आने पर उपभोक्ता द्वारा अमड़ा बिजली उपकेंद्र पर शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन बिजली विभाग के कर्मचारियों ने समय रहते मरम्मत नहीं कराई।

दुकानदारों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के कारण रात में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क उठी। संदीप जनरल स्टोर में करीब 15 लाख रुपये का सामान, जिसमें फ्रीजर, दो एलसीडी टीवी, इनवर्टर, बैटरी, चार सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर, श्रृंगार सामग्री, कपड़े, जूते-चप्पल और दर्जनों मोबाइल फोन शामिल थे, पूरी तरह जल गए। वहीं चश्मा घर में आंख जांच की मशीन, कुर्सी, मेज और अन्य उपकरण आग की भेंट चढ़ गए।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पीड़ित दुकानदारों ने बिजली विभाग से मुआवजे की मांग की है और लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।

Related Articles

Back to top button