उत्तर प्रदेशचंदौली

बाबा कीनाराम धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, पवित्र कुंड में स्नान कर श्रद्धालुओं ने टेका माथा

रामगढ़ स्थित जन्मस्थली पर रविवार को दूर-दराज से पहुंचे भक्त, मान्यता—एक डुबकी से दूर होते हैं रोग-कष्ट और मिलती है मनोकामना पूर्ति

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली जिले के चहनिया क्षेत्र स्थित रामगढ़ में रविवार को आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अघोर पंथ के प्रवर्तक और पूर्वांचल के सुप्रसिद्ध संत बाबा कीनाराम की जन्मस्थली पर भोर से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर में ‘जय बाबा कीनाराम’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

बाबा कीनाराम धाम में वैसे तो प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है, लेकिन रविवार और मंगलवार को यहां विशेष रूप से बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मान्यता है कि इन दिनों बाबा कीनाराम का आशीर्वाद विशेष रूप से प्राप्त होता है। इसी विश्वास के साथ दूर-दराज से आए श्रद्धालु यहां स्थित पवित्र कुंड में स्नान कर बाबा की चौखट पर माथा टेकते हैं।

स्थानीय लोक मान्यताओं के अनुसार, जो भी भक्त सच्ची श्रद्धा के साथ इस पवित्र कुंड में स्नान कर बाबा की आराधना करता है, उसकी शारीरिक पीड़ाएं, मानसिक कष्ट और दरिद्रता दूर हो जाती है। अघोर परंपरा के इस प्रमुख केंद्र को असाध्य रोगों से मुक्ति और मनोकामना पूर्ति के लिए जागृत स्थल माना जाता है।

वर्तमान समय में इस पवित्र धाम का संचालन और प्रबंधन पीठाधीश्वर सिद्धार्थ गौतम राम जी महाराज के संरक्षण में किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में यहां नियमित धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होते हैं। साथ ही हर वर्ष बाबा कीनाराम का भव्य तीन दिवसीय जन्मोत्सव भी मनाया जाता है, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।

रविवार को दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बाबा कीनाराम की चौखट पर माथा टेका और धूप-दीप व पुष्प अर्पित कर अपनी मन्नतें मांगीं। मंदिर परिसर में भक्तों की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन और सेवादार भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आए।

Related Articles

Back to top button