बाइक-साइकिल की जोरदार भिड़ंत में दो लोग गंभीर घायल
सकलडीहा के मनिहरा गांव के पास हादसा, दोनों घायलों को ट्रामा सेंटर किया गया रेफर

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली | सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मनिहरा गांव के समीप मंगलवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चंदौली-सैदपुर मार्ग पर बाइक और साइकिल के बीच हुई सीधी टक्कर में दोनों वाहन सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सिकरौरा गांव निवासी राजेंद्र राम का 20 वर्षीय पुत्र अभिषेक अपनी बुआ के घर ताजपुर जा रहा था। जैसे ही वह मनिहरा गांव के मोड़ के पास पहुंचा, उसकी बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही एक साइकिल से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल सवार सरेहुआ गांव निवासी 50 वर्षीय जितेंद्र राजभर और बाइक सवार अभिषेक दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने और अधिक खून बहने के कारण दोनों घायल बेहोश हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची 112 नंबर पुलिस और एंबुलेंस की मदद से दोनों को तत्काल सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहां डॉ. बीके प्रसाद ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पहले जिला अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही दोनों घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और मोड़ों पर लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।



