बलुआ पुलिस ने 4.745 किलो प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के साथ युवक को किया गिरफ्तार
चंदौली में अवैध चाइनीज मांझा कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, ग्राम खंडवारी से हुई गिरफ्तारी
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। जनपद में प्रतिबंधित चाइनीज/नायलॉन मांझा के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलुआ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 4.745 किलोग्राम प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के मार्गदर्शन में थाना अध्यक्ष बलुआ अतुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की। अभियुक्त को ग्राम खंडवारी स्थित न्यू जय मां काली 99 प्लास्टिक एवं जनरल स्टोर से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान रामाश्रय कुमार (32) पुत्र पन्नालाल कुशवाहा, निवासी ग्राम रमौली, थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह चाइनीज मांझा को वाराणसी से मंगाकर बेचता था और इससे मोटा मुनाफा कमाता था। इस मामले में थाना बलुआ पर मु0अ0सं0 33/2026 धारा 293/125/223 बीएनएस तथा 5/15 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार चाइनीज मांझा आमजन, पशु-पक्षियों और पर्यावरण के लिए घातक है। इससे होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आगे भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।



