बलुआ पश्चिम वाहिनी गंगा तट पर एनडीआरएफ का आपदा बचाव प्रशिक्षण, बाढ़ व डूबने से बचाव के सिखाए गुर
एनडीआरएफ की 11वीं वाहिनी वाराणसी ने नागरिक सुरक्षा कर्मियों, आपदा मित्रों और आमजन को दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
रिपोर्ट: अवधेश राय
चहनियां। बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा तट पर शनिवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 11वीं वाहिनी वाराणसी द्वारा आपदा से बचाव को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के नागरिक सुरक्षा कार्मिकों, आपदा मित्रों एवं आम जनता को बाढ़ और डूबने जैसी आपात स्थितियों में बचाव के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए।
यह अभियान डीआईजी मनोज कुमार शर्मा के निर्देश पर टीम कमांडर इंस्पेक्टर राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में 30 सदस्यीय एनडीआरएफ टीम द्वारा चलाया गया। प्रशिक्षण के दौरान डूबते व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने की तकनीकों का अभ्यास कराया गया, वहीं प्रशिक्षित गोताखोरों ने डूबे व्यक्ति की खोज व रेस्क्यू का लाइव प्रदर्शन किया।
इसके साथ ही प्राथमिक उपचार, सीपीआर, और घरेलू वस्तुओं के सहारे बाढ़ के समय जान बचाने के उपायों की भी जानकारी दी गई। इंस्पेक्टर राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि एनडीआरएफ का उद्देश्य ऐसे प्रशिक्षणों के माध्यम से आमजन को जागरूक करना है ताकि आपदा के समय लोग घबराने के बजाय सही और सुरक्षित कदम उठा सकें।
कार्यक्रम में नायब तहसीलदार सकलडीहा राजेन्द्र प्रसाद, डिप्टी सीएमओ सकलडीहा, बलुआ थाना प्रभारी अतुल कुमार, राकेश कुमार सिंह पिंकू सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अंत में अधिकारियों ने एनडीआरएफ टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।



