उत्तर प्रदेशचंदौली

बलुआ थाना क्षेत्र में हरे पेड़ों की कटाई जोरों पर, विभागीय अधिकारी मौन

सेमरा के पास रात में पेड़ काटकर पिकअप में लादते दिखे लोग, ग्रामीणों ने उठाए सवाल

रिपोर्ट: गणपत राय

चहनियां (बलुआ थाना क्षेत्र): क्षेत्र में हरे पेड़ों की अंधाधुंध कटाई का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि लकड़ी माफिया खुलेआम हरे बृक्षों को काट रहे हैं, जबकि संबंधित विभाग के अधिकारी इस पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।

बताया जा रहा है कि हाइवे निर्माण के दौरान पहले ही बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई की जा चुकी है। इसके बाद भी क्षेत्र में लगातार हरे पेड़ों को निशाना बनाया जा रहा है। मंगलवार की रात सेमरा के पास कुछ लोग पेड़ काटकर उन्हें जल्दबाजी में पिकअप वाहन पर लादते हुए नजर आए।

ग्रामीणों का कहना है कि सरकार एक ओर वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण पर जोर दे रही है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में हरे पेड़ों की कटाई धड़ल्ले से जारी है। यह स्थिति प्रशासनिक उदासीनता की ओर इशारा करती है।

स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर बिना अनुमति के इस तरह पेड़ों की कटाई कैसे हो रही है? यदि अनुमति दी गई है तो उसकी जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही?

ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पर्यावरण को होने वाले नुकसान को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button