उत्तर प्रदेशचंदौली

बक्से के नीचे छिपे सांप ने 10 वर्षीय बालक को डंसा, समय पर इलाज से टली बड़ी अनहोनी

नौगढ़ के बाघी गांव में खेलते समय हुआ हादसा, CHC में डॉक्टरों ने एंटी-स्नेक वेनम देकर बचाई बच्चे की जान

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के बाघी गांव में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घर में रखे एक पुराने बक्से के नीचे छिपे जहरीले सांप ने 10 वर्षीय बालक को डंस लिया। हालांकि परिजनों की तत्परता और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नौगढ़ में समय पर मिले उपचार से बच्चे की जान बच गई और अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार बाघी गांव निवासी भान शर्मा का 10 वर्षीय पुत्र वंश रविवार सुबह करीब 10:30 बजे घर में रखे पुराने बक्से से कपड़े निकाल रहा था। इसी दौरान बक्से के नीचे छिपे सांप ने हलचल महसूस की और बाहर निकल आया। कपड़े निकालकर जब वंश वापस मुड़ा तो अनजाने में उसका पैर सांप पर पड़ गया। इससे सांप ने तुरंत उसके दाहिने पैर के घुटने के पास डंस लिया।

बच्चे के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सांप वहां से गायब हो चुका था। वंश की हालत बिगड़ती देख परिवार के लोग घबरा गए, लेकिन बिना देर किए उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ लेकर पहुंचे।

अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर नागेंद्र ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया। उन्होंने सांप के काटे स्थान की सफाई कर बच्चे को एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन दिया। डॉक्टर के मुताबिक बच्चे को समय रहते अस्पताल लाया गया, जिससे जहर शरीर में फैलने से पहले ही इलाज शुरू हो सका। फिलहाल बालक की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।

इस घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन समय पर उपचार मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया।

Related Articles

Back to top button