पूर्व सांसद के नेतृत्व में मनाया गया शिवपाल यादव का 70वां जन्मदिवस
डीडीयू नगर स्थित सपा कार्यालय में उत्साह और सादगी के साथ हुआ आयोजन, नेताओं ने समाजवादी विचारधारा और विकासात्मक योगदान को किया याद
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव का 70वां जन्मदिवस डीडीयू नगर स्थित सपा कार्यालय में हर्षोल्लास और सादगी के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके राजनीतिक योगदान और समाजवादी विचारधारा के प्रति उनके समर्पण को स्मरण किया।
मुख्य अतिथि पूर्व सांसद राम किशुन यादव ने कहा कि शिवपाल यादव का सार्वजनिक जीवन त्याग, संघर्ष और वैचारिक प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा है। उन्होंने समाजवादी सिद्धांतों को व्यवहार में उतारते हुए प्रदेश में सामाजिक समरसता और विकास के लिए निरंतर प्रयास किए। पूर्व ब्लॉक प्रमुख बाबूलाल यादव ने उनके राजनीतिक जीवन को लोकतांत्रिक मूल्यों, सादगी और न्यायप्रियता से प्रेरित बताया।
कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके साथ ही समाजवादी शिक्षक सभा के कैंप कार्यालय में भी केक काटकर जन्मदिवस मनाया गया। शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष बैजनाथ यादव ने कहा कि शिवपाल यादव के कार्यकाल में चंदौली सहित प्रदेशभर में सिंचाई परियोजनाओं और पुलों के निर्माण से विकास को नई गति मिली। उपस्थित लोगों ने उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।



