परिवहन अधिकारी वेलफेयर एसोसिएशन का आयोजन बना ऐतिहासिक, सेवानिवृत्त अधिकारियों का हुआ सम्मान
चंदौली के पूर्व परिवहन अधिकारी ललित कुमार मालवीय को सरकारी सेवा व काशी के सरोवरों के जीर्णोद्धार के लिए किया गया सम्मानित

रिपोर्ट: गणपत राय
उत्तर प्रदेश परिवहन अधिकारी वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम कल ऐतिहासिक रूप से सफल रहा। इस भव्य आयोजन में परिवहन विभाग के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ वर्तमान कार्यकारिणी के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विभिन्न जनपदों से पधारे अधिकारियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को अभूतपूर्व बना दिया।
आयोजन की सफलता के पीछे वर्तमान प्रांतीय कार्यकारिणी का अथक परिश्रम रहा, जिसके परिणामस्वरूप कार्यक्रम सुव्यवस्थित और प्रभावशाली ढंग से संपन्न हुआ। एसोसिएशन ने सभी आगंतुक वरिष्ठ अधिकारियों एवं दूर-दराज से आए अधिकारियों का आभार व्यक्त किया, जिनकी उपस्थिति से कार्यक्रम की भव्यता और गरिमा में वृद्धि हुई।
कार्यक्रम के विशेष सत्र में जनपद चंदौली के सेवानिवृत्त परिवहन अधिकारी श्री ललित कुमार मालवीय को विभाग में उत्कृष्ट सरकारी सेवा संपादन तथा काशी में किए गए उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। श्री मालवीय ने अपने सेवा काल के दौरान प्रशासनिक दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने के साथ-साथ नागरिक सहयोग और श्रमदान के माध्यम से काशी के पौराणिक सरोवरों एवं जलतीर्थों के जीर्णोद्धार का अभियान चलाया।
उनके प्रयासों से पवित्र पिशाचमोचन सरोवर, पितृकुंड, मातृकुंड, कर्णघंटा सरोवर, पुष्कर तालाब, कुरुक्षेत्र सरोवर, शंकुलधारा तालाब, सूरजकुंड, चित्रकूट सरोवर, लक्ष्मीकुंड, आँजनेय सरोवर, चक्र सरोवर सहित आँजनेय सिद्धपीठ बेनीपुर का भी जीर्णोद्धार संभव हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए इसे समाज और धरोहर संरक्षण के लिए प्रेरणादायी बताया।



