पंचायत चुनाव वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप, ग्रामीणों ने SDM कार्यालय पर किया प्रदर्शन
बीएलओ पर पक्षपात और मतदाता सूची में अनियमितताओं का आरोप, ग्रामीणों ने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली| सकलडीहा तहसील के पूरा विजई गांव में पंचायत चुनाव को लेकर मतदाता सूची में गड़बड़ी का विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) पर गंभीर आरोप लगाते हुए उप जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान प्रधान के समर्थकों के नाम बड़ी संख्या में वोटर लिस्ट में जोड़े गए हैं, जबकि विपक्षी प्रत्याशी और उनके समर्थकों के नाम जानबूझकर हटाए गए। इससे गांव में आक्रोश का माहौल पैदा हो गया है।
प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से होना चाहिए, लेकिन मतदाता सूची में हेराफेरी से चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने बीएलओ के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और वोटर लिस्ट की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं की गई। मजबूरन उन्होंने उप जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और निष्पक्ष मतदाता सूची तैयार कराने की आवश्यकता दोहराई।
नगर प्रशासन ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन ग्रामीणों की चेतावनी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो वे संघर्ष जारी रखेंगे।



