उत्तर प्रदेशचंदौली

नेगुरा गांव के पास जर्जर पुलिया बनी हादसों का न्योता, स्कूली बच्चों की जान खतरे में

चंदौली के सदर विकास खंड में महीनों से क्षतिग्रस्त पुलिया पर रोजाना गुजर रहे सैकड़ों वाहन, प्रशासन की अनदेखी से ग्रामीणों में आक्रोश

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली जिले के सदर विकास खंड अंतर्गत नेगुरा गांव के पास स्थित एक पुलिया पिछले कई महीनों से क्षतिग्रस्त अवस्था में है, जो अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। इस पुलिया से रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, जिनमें क्षेत्र के दो प्रमुख स्कूलों की बसें और वैन भी शामिल हैं। पुलिया की हालत इतनी खराब है कि भारी वाहनों के गुजरते ही वह हिलने लगती है, जिससे स्कूली बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। समय के साथ सड़क का यह हिस्सा गड्ढे में तब्दील होता जा रहा है, जिससे खासकर रात के समय यहां से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, किसी बड़े हादसे से पहले अगर पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई तो इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन की होगी। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

Related Articles

Back to top button