उत्तर प्रदेशचंदौली

नींद की झपकी बनी हादसे की वजह, चंदौली रिंग रोड पर ट्रेलर डिवाइडर से टकराया

चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में तड़के हुआ हादसा, अयोध्या से बिहार जा रहा था ट्रेलर; चालक बाल-बाल बचा

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली। जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरहना गांव के पास सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। अयोध्या से माल खाली कर बिहार के सासाराम जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर हाईवे के किनारे लगे लोहे के डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि चालक की किस्मत और सूझबूझ से उसकी जान बच गई।

मिली जानकारी के अनुसार ट्रेलर चालक अयोध्या से लंबी यात्रा कर सासाराम (बिहार) की ओर जा रहा था। सोमवार सुबह करीब 5 बजे जब वाहन कुरहना गांव के समीप रिंग रोड पर पहुंचा, तभी थकान के कारण चालक को नींद की झपकी आ गई। देखते ही देखते वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे डिवाइडर से जा टकराया।

टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेलर में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि इतनी भीषण टक्कर के बावजूद चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रेलर को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई, जिससे सड़क पर यातायात सामान्य हो सके।

Related Articles

Back to top button