उत्तर प्रदेशचंदौली

नाले और PWD जमीन से अवैध कब्जा हटाने गई प्रशासनिक टीम को ग्रामीणों ने खदेड़ा

बबुरी थाना क्षेत्र के पांडेयपुर मार्केट में कार्रवाई का विरोध, ग्रामीणों ने कहा— सिर्फ गरीबों पर नहीं, प्रभावशालियों पर भी हो कार्रवाई

रिपोर्ट: गणपत राय

बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडेयपुर मार्केट में रविवार को नाले और पीडब्ल्यूडी की जमीन से अवैध कब्जा हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को ग्रामीणों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन को मौके से वापस खदेड़ दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि भूमि घरी के सामने स्थित नाले और पीडब्ल्यूडी की जमीन पर कई लोगों द्वारा अवैध कब्जा किया गया है, लेकिन प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय केवल चुनिंदा और गरीब लोगों को ही निशाना बना रहा है। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में अवैध कब्जा हटाना है, तो प्रभावशाली लोगों द्वारा किए गए कब्जों पर भी समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि किसी के इशारे पर एकतरफा कार्रवाई की जा रही है, जिससे गांव में आक्रोश का माहौल बन गया है। उनका कहना है कि नाले पर अवैध कब्जों के कारण गांव में आए दिन जलजमाव की समस्या बनी रहती है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जब नाले का पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों और घरों तक पहुंच जाता है। इससे आवागमन बाधित होता है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।

ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब सरकार सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा रोकने के स्पष्ट निर्देश देती है, तो फिर नाले जैसी सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर कब्जा कैसे होने दिया गया। उन्होंने मांग की कि नाले और पीडब्ल्यूडी की जमीन से सभी अवैध कब्जे हटाकर जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए।

इस मामले में उपजिलाधिकारी अनुपम मिश्रा ने बताया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। सड़क निर्माण के दौरान जहां भी समस्या उत्पन्न हो रही है, वहां नियमानुसार जमीन को खाली कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई पूरी तरह नियमों के तहत की जा रही है और किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button