नहर में लावारिस स्कूटी मिलने से मचा हड़कंप, देर रात सकुशल मिला ‘लापता’ युवक
तियरा गांव के पास कर्मनाशा नहर में मिली स्कूटी, डूबने की आशंका में घंटों चली तलाश; मिर्जापुर का युवक सुरक्षित मिला

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली जिले में चकिया-चंदौली मार्ग स्थित लेफ्ट कर्मनाशा नहर के तियरा गांव के पास गुरुवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नहर के पानी में एक लावारिस स्कूटी संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ी मिली। स्कूटी दिखाई देने के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही शहाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से स्कूटी को नहर से बाहर निकलवाया। स्कूटी लावारिस मिलने से किसी के नहर में गिरने या डूबने की आशंका जताई गई। इसके बाद पुलिस ने नहर में काफी देर तक खोजबीन कराई, लेकिन रात का अंधेरा होने के कारण कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।
जांच के दौरान पुलिस ने स्कूटी की डिग्गी में रखे कागजातों की जांच की। कागजातों से पता चला कि स्कूटी मिर्जापुर जिले के चुनार थाना क्षेत्र के चेरा के पूरा रैपुरिया गांव निवासी जय प्रकाश मौर्य के नाम पर दर्ज है। इसके बाद पुलिस ने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिससे चिंतित परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
इस बीच तलाश के दौरान रात में ही स्कूटी सवार युवक सूर्य प्रकाश मौर्य (25) सकुशल मिल गया। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसे खुद नहीं पता कि उसकी स्कूटी नहर में कैसे पहुंच गई। युवक के इस बयान के बाद मामला कुछ देर के लिए रहस्य बना रहा।
हालांकि पुलिस ने युवक से विस्तृत पूछताछ की, लेकिन किसी आपराधिक साजिश या बड़ी घटना का संकेत नहीं मिला। उपनिरीक्षक रामचन्द्र साही ने बताया कि युवक पूरी तरह सुरक्षित है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे स्कूटी सहित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।



