उत्तर प्रदेशचंदौली

नवीन मंडी चंदौली में बने आधुनिक शौचालय बने शोपीस

खरीद सीजन में किसानों को झेलनी पड़ रही भारी परेशानी, स्वच्छता व स्वास्थ्य पर खतरा

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली। उत्तर प्रदेश के जनपद चंदौली स्थित नवीन मंडी परिषद में लाखों रुपये की लागत से बनाए गए आधुनिक शौचालय एवं स्नानागार आज शोपीस बनकर रह गए हैं। धान और गेहूं की खरीद सीजन के दौरान मंडी में दूर-दराज से आने वाले हजारों किसानों को शौचालय की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं।

शौचालयों की स्थिति बेहद खराब है। नियमित सफाई न होने के कारण हर ओर गंदगी फैली रहती है और तेज दुर्गंध के चलते लोग इनका उपयोग करने से कतराते हैं। कई स्थानों पर पानी की टोटियां टूटी हुई हैं, बिजली की व्यवस्था पूरी तरह ठप है और पानी की सप्लाई भी बाधित है। शौचालयों में लगे अन्य उपकरण भी जर्जर अवस्था में पहुंच चुके हैं।

मजबूरी में किसानों को खुले में शौच के लिए जाना पड़ रहा है, जिससे स्वच्छता और स्वास्थ्य दोनों पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। हैरानी की बात यह है कि नवीन मंडी में जिलाधिकारी के लगातार दौरे होते रहते हैं और मंडी सचिव को भी इस समस्या की पूरी जानकारी है, इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए ये शौचालय आज सरकारी योजनाओं की विफलता का प्रतीक बनते जा रहे हैं। यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में किसानों की परेशानियां और भी बढ़ सकती हैं।

Related Articles

Back to top button