उत्तर प्रदेशचंदौली

कुर्सी संभालते ही एक्शन: भ्रष्ट पुलिसकर्मियों पर चला डंडा

आकाश पटेल ने अपनाई ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति, दरोगा से लेकर हेड कांस्टेबल तक पर बड़ी कार्रवाई, कई सस्पेंड, 6 पर जांच

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली। जनपद में नए पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण करते ही आकाश पटेल ने सख्त तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत उन्होंने भ्रष्टाचार और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।

सबसे बड़ी कार्रवाई दुल्हीपुर चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल संतोष यादव के खिलाफ की गई है। उन पर जुआ और तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों में संलिप्त होने के गंभीर आरोप थे, जिसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

इसके अलावा, सैयदराजा थाने में तैनात उपनिरीक्षक रामप्यारे चौधरी को भी सस्पेंड किया गया है। उन पर हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की निगरानी में लापरवाही बरतने और अहम सूचनाएं साझा न करने का आरोप है।

पुलिस कप्तान की सख्ती यहीं नहीं रुकी। नेशनल हाईवे पर पेट्रोलिंग के दौरान गौ-तस्करी के मामलों में बरती गई ढिलाई को लेकर भी उन्होंने कड़ा रुख अपनाया। हाईवे और यातायात व्यवस्था में खामियों को देखते हुए टीएसआई उमाशंकर यादव और मनोज कुमार सिंह समेत कुल 6 पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं।

इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में उन कर्मियों के बीच खलबली मच गई है, जो लंबे समय से अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरत रहे थे।

इस पूरे मामले पर एसपी आकाश पटेल ने साफ कहा कि कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी पुलिसकर्मी लापरवाही करेगा या अवैध गतिविधियों में लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button