धानापुर में 1000 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन, युवाओं को मिलेगा खेल प्रतिभा दिखाने का मंच
अमर वीर इंटर कॉलेज में 19 जनवरी को होगा भव्य खेल आयोजन, विजेताओं को मोटरसाइकिल, स्कूटी और साइकिल जैसे आकर्षक पुरस्कार
रिपोर्ट: अवधेश राय
धानापुर (चंदौली)। युवाओं में खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने और उन्हें सशक्त भविष्य की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से धानापुर स्थित अमर वीर इंटर कॉलेज में 1000 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 19 जनवरी 2026, सोमवार को प्रातः 10 बजे से आयोजित होगी।
आयोजन में लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग 1000 मीटर दौड़ कराई जाएगी। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले लड़के को मोटरसाइकिल और प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली लड़की को स्कूटी पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी। इसके अलावा प्रथम स्थान के अतिरिक्त 5 लड़कों और 5 लड़कियों को साइकिल पुरस्कार के रूप में प्रदान की जाएगी।
आयोजकों ने चंदौली जनपद के सभी बच्चों और बच्चियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस खेल आयोजन को सफल और भव्य बनाने की अपील की है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
इस आयोजन को लेकर क्षेत्र के युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि खेल से न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि इससे अनुशासन और आत्मविश्वास भी मजबूत होता है, जो राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाता है।



