धानापुर में दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
शहीद हीरा सिंह पीजी कॉलेज में मुख्य अतिथि डॉ. प्रदीप कुमार पांडे ने किया उद्घाटन, छात्रों ने विभिन्न स्पर्धाओं में दिखाया दमखम

रिपोर्ट: अवधेश राय
धानापुर स्थित शहीद हीरा सिंह पीजी कॉलेज में दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ सकलडीहा पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार पांडे द्वारा बतौर मुख्य अतिथि किया गया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग है, जो अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की शुरुआत रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़कर की गई।
प्रतियोगिता का प्रतीकात्मक शुभारंभ महाविद्यालय के छात्र उदित ने मशाल दौड़ के साथ किया। पहले दिन आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 400 मीटर दौड़ में उदित ने प्रथम, इरफान ने द्वितीय और प्रेम कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में प्रीति चौरसिया प्रथम, अंशिका द्वितीय और सविता तृतीय रहीं।
चक्र प्रक्षेप में प्रशांत यादव प्रथम, ज्वाला यादव द्वितीय और अरुण कुमार तृतीय स्थान पर रहे। लंबी कूद में संजना पटेल ने प्रथम, सविता ने द्वितीय और आरती प्रजापति ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा 800 मीटर दौड़, गोला प्रक्षेप और भाला प्रक्षेप में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
विशिष्ट अतिथि अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित मोहम्मद मुस्ताक अली ने कहा कि ग्रामीण अंचल के युवा आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ध्रुव भूषण सिंह ने छात्र-छात्राओं को शिक्षा के साथ खेल में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संचालन डॉ. नौशाद अहमद ने किया।



