उत्तर प्रदेशचंदौली

धानापुर में जर्जर कुसम्ही पुलिया को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू

कार्य शुरू होने तक आंदोलन जारी रहेगा, बोले पिंटू पाल; आश्वासन नहीं, जमीन पर काम की मांग

रिपोर्ट: अवधेश राय

धानापुर क्षेत्र में बौरहवा बाबा से कुसम्ही जाने वाली दशकों पुरानी जर्जर पुलिया को लेकर सोमवार से किसानों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू हो गया। भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन के बैनर तले शुरू हुए इस आंदोलन में किसानों ने साफ कहा है कि जब तक पुलिया पर निर्माण कार्य शुरू नहीं होगा, तब तक धरना किसी भी हालत में समाप्त नहीं किया जाएगा।

धरना स्थल पर पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन ने अपने प्रतिनिधि (मेठ) को भेजकर किसानों से वार्ता करने और धरना समाप्त करने की अपील कराई। हालांकि किसानों ने इसे सिरे से खारिज कर दिया। उनका कहना है कि पुलिया की जर्जर हालत को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला, निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।

वाराणसी युवा मंडल अध्यक्ष पिंटू पाल ने दो टूक कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, धरातल पर काम चाहिए। वर्षों से जर्जर पुलिया किसानों, मजदूरों और आम जनता के लिए खतरा बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक काम शुरू नहीं होगा, धरना जारी रहेगा। जरूरत पड़ी तो किसान सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

धरना प्रदर्शन में किसान नेता शेषनाथ यादव, विजयकांत पासवान ‘गुड्डू’, रामआशीष शर्मा, राम अवध यादव, अखिलेश यादव, गोलू, नंदलाल राम, पांचू बिंद, डब्लू गोड़, बनारसी यादव, कन्हैया यादव समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

किसानों का कहना है कि जर्जर पुलिया से रोजाना सैकड़ों ग्रामीणों का आवागमन होता है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में प्रशासन को तत्काल निर्माण कार्य शुरू करना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button