दुलहीपुर में मतदाता पुनरीक्षण अभियान तेज
11,548 मतदाताओं को जारी नोटिस, 8,848 ने अब तक नहीं दिया जवाब

रिपोर्ट: गणपत राय
दुलहीपुर। मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत लगाए गए विशेष शिविरों में अपेक्षित संख्या में लोगों के न पहुंचने पर प्रशासन ने घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया। सहायक निर्वाचन अधिकारी कलामूद्दीन और सुदामा यादव ने ग्राम प्रधान हामीदुल्ला अंसारी के साथ सतपोखरी गांव में टोटो पर माइक लगाकर मतदाताओं को जागरूक किया और नोटिस से संबंधित जानकारी दी।
प्रशासन की ओर से सतपोखरी, हरिशंकरपुर, महाबलपुर और चंधासी गांव के कुल 11,548 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। अब तक केवल 2,700 मतदाताओं ने अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर संशोधन की प्रक्रिया पूरी कराई है, जबकि 8,848 मतदाताओं ने अभी तक नोटिस का जवाब नहीं दिया है। इसे लेकर प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए अभियान को और तेज कर दिया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं को नोटिस मिला है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ ग्राम पंचायत सचिवालय भवन सतपोखरी में उपस्थित कर्मचारियों से संपर्क कर अपना नाम सही कराएं या जुड़वाएं। दस्तावेजों में जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, कुटुंब रजिस्टर की प्रति, शैक्षिक योग्यता का प्रमाण पत्र, पासपोर्ट की छाया प्रति, पेंशन कार्ड, वर्ष 1987 से पहले जन्म प्रमाण, बैंक पासबुक आदि में से दो या तीन प्रमाण पत्र लाना आवश्यक बताया गया है।
11 बीएलओ के माध्यम से नोटिस तामील कराए गए हैं और सुनवाई की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से घर-घर संपर्क कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
इस जागरूकता अभियान में ममता पटेल, रीता सोनकर, बिंदु देवी, शिवांगी सिंह, कमलेश यादव, इंदू देवी, जामवंती देवी समेत अन्य लोग भी उपस्थित रहे।



