दिल्ली में सम्मानित होंगी चंदौली की दो महिला ग्राम प्रधान, उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का सम्मान
राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 11 मार्च को दिल्ली में होगा सम्मान समारोह, सिकंदरपुर की सीमा गुप्ता और उतरौत की कंचन मौर्य होंगी सम्मानित

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 11 मार्च को दिल्ली में आयोजित होने वाले एक सम्मान समारोह में जनपद चंदौली की दो महिला ग्राम प्रधानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें ग्रामीण विकास और जनसेवा के क्षेत्र में किए गए सराहनीय योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा।
जनपद की ग्राम पंचायत सिकंदरपुर की ग्राम प्रधान सीमा गुप्ता और ग्राम पंचायत उतरौत की ग्राम प्रधान कंचन मौर्य को इस विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। दोनों महिला प्रधानों ने अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाई है।
सिकंदरपुर की ग्राम प्रधान सीमा गुप्ता को इससे पहले भी उनके बेहतर कार्यों के लिए दो बार मुख्यमंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने अपने गांव में स्वच्छता अभियान, महिला सशक्तिकरण, बुनियादी सुविधाओं के विकास और जनहित से जुड़े कई कार्यों को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है, जिसकी वजह से उन्हें क्षेत्र में काफी सराहना मिलती रही है।
वहीं ग्राम पंचायत उतरौत की प्रधान कंचन मौर्य ने भी पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को तेज करने और ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से क्षेत्र में कई जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया गया है।
जनपद चंदौली की इन दोनों महिला ग्राम प्रधानों को दिल्ली में मिलने वाला यह सम्मान न केवल जिले के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह अन्य महिलाओं के लिए भी समाज सेवा और नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा बनेगा।



